मोहम्मद हारुन उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा जिले में महिला संबंधी अपराधों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित् करने तथा ऐसे प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उक्त के पालन में थाना बुढ़ार पुलिस द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने एवं शादी से इंकार करने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कनिष्क सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में फरियादिया द्वारा दिनांक 12.10.2026 को महिला थाना शहडोल में उपस्थित होकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। फरियादिया ने शिकायत में आरोपी द्वारा शादी का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए व वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी। शिकायत के प्रथम दृष्टया अवलोकन पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण में थाना बुढ़ार पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आरोपी कनिष्क सिंह पिता राघवेन्द्र सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिहा, चौकी केशवाही, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है।


0 Comments